शा. बालक उ. मा. विद्यालय नारायणपुर के हेल्थ केयर विद्यार्थियों ने जिला अस्पताल का औद्योगिक भ्रमण किया

नारायणपुर, 7 सितंबर 2024: शा. बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नारायणपुर के हेल्थ केयर के विद्यार्थियों ने नीति आयोग के तहत संचालित व्यावसायिक कोर्स के अंतर्गत जिला अस्पताल नारायणपुर का औद्योगिक भ्रमण किया। यह भ्रमण 9वीं से 12वीं तक के छात्रों के लिए आयोजित किया गया था, जिसका उद्देश्य स्वास्थ्य संबंधी संस्थाओं के कार्यक्षेत्र से उन्हें अवगत कराना और एक बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करना था।

भ्रमण की अनुमति जिला अस्पताल नारायणपुर के चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.एस. राज और सिविल सर्जन बी.के. भोयर ने प्रदान की। इस दौरान, हरि कीर्तन यादव (CMHO) की देखरेख में स्टाफ नर्स वनिता जेकब ने विद्यार्थियों को अस्पताल के विभिन्न विभागों जैसे ओपीडी, आईपीडी, इंजेक्शन रूम, ड्रेसिंग रूम, ऑपरेशन थिएटर, ब्लड बैंक, लैब, मेडिकल वार्ड, सर्जिकल वार्ड, ICU, NICU, न्यूट्रीशन वार्ड, कैजुअल्टी, फिजियोथैरेपी कक्षा, और डिलीवरी कक्ष का दौरा कराया। इसके साथ ही, विद्यार्थियों को आयुष्मान योजना और शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर भी जानकारी दी गई।

इस भ्रमण का आयोजन विद्यालय के प्राचार्य मनोज कुमार बागडे के दिशा-निर्देश में और हेल्थ केयर की शिक्षिका श्रीमती वर्षा रानी शाहा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। विज्ञान की शिक्षिका रंगीत बारले ने भी इस कार्यक्रम में सहयोग किया। इस भ्रमण ने विद्यार्थियों को रोजगार और स्वरोजगार के लिए आवश्यक योग्यता प्राप्त करने की प्रेरणा दी और एक सफल भविष्य की ओर अग्रसर होने के लिए प्रोत्साहित किया।




