नारायणपुर
नारायणपुर में माय भारत पोर्टल और डिजिटल साक्षरता पर प्रशिक्षण आयोजित

नारायणपुर, 03 सितंबर 2024: भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के निर्देशानुसार, शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय बस्तर द्वारा संचालित माय भारत पोर्टल और डिजिटल साक्षरता पर प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन शासकीय स्वामी आत्मानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नारायणपुर में किया गया।


प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस.आर. कुंजाम के संरक्षण में और जिला संगठक प्रो. बी.डी. चांडक के मार्गदर्शन में हुआ। राज्य स्तर पर प्रशिक्षित माय भारत पोर्टल और डिजिटल साक्षरता के मास्टर ट्रेनर विकास चंद्र विशाल ने इस प्रशिक्षण में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
इस प्रशिक्षण में युवाओं को माय भारत पोर्टल पर पंजीयन, इवेंट क्रिएट करने की प्रक्रिया, और एक्सपीरियंस लर्निंग अपॉर्चुनिटी में पंजीकरण जैसे विषयों पर जानकारी दी गई। प्रो. चांडक ने ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम पर गतिविधियों को प्राथमिकता के साथ माय भारत पोर्टल पर पंजीयन और पोस्टिंग के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
इसके अतिरिक्त, पर्यावरण जागरूकता, रक्तदान, हरितग्राम, गोदग्राम, आगामी कार्य योजना और पूर्व के कार्यों की समीक्षा की गई। स्वयंसेवकों को शासन की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने और कार्यक्रम का सफल संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
यूनिसेफ की जिला कंसल्टेंट सुश्री सोनल सरीन ने मानसिक स्वास्थ्य और बाल संरक्षण गतिविधियों के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया। प्रशिक्षण में राष्ट्रीय सेवा योजना के कई कार्यक्रम अधिकारी और स्वयंसेवक शामिल हुए, जिनमें जादू राम कश्यप, सुनील कुमार, सुश्री चंद्रकला लहरे, रंजीत सिंह, सुश्री निहारिका सोरी, दीपेश मरापी और खिलेश्वरी साहू शामिल थे।




