जवाहर नवोदय विद्यालय सुपगांव में अभिभावकों का प्रतिनिधिमंडल पहुंचा

नारायणपुर/सुपगांव, 21 सितंबर 2024// जवाहर नवोदय विद्यालय सुपगांव में समस्त अभिभावकगणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्रीय सहायक आयुक्त लेखराज मीणा का हार्दिक स्वागत किया। इस दौरान, अभिभावकों ने विद्यालय की विभिन्न समस्याओं और मांगों को उनके समक्ष प्रस्तुत किया।
प्रतिनिधिमंडल ने नियमित शिक्षकों, व्याख्याताओं, प्राचार्य और उप-प्राचार्य के रिक्त पदों की शीघ्र पूर्ति की मांग की। इसके अलावा, उन्होंने विद्यालय में बेहतर इंटरनेट सुविधा, खेलकूद मैदान, स्मार्ट क्लास, सुरक्षा व्यवस्था, छात्रावासों में शौचालय निर्माण, पानी की उपलब्धता, आरओ प्लांट, बिजली की सुचारू व्यवस्था, सोलर लाइट और सीसीटीवी कैमरे की मांग की।
अभिभावकों ने विद्यालय में नवीन छात्रावास निर्माण की प्रगति और अभिभावकों के लिए बैठने के लिए शेड निर्माण पर भी चर्चा की। क्षेत्रीय सहायक आयुक्त ने अभिभावकों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर नरेन्द्र मेश्राम, कन्हैया उइके, दीपांकर मण्डल, रमेश राव, पूनम कतलाम, और अन्य कई अभिभावक उपस्थित रहे।




